FIR Quashing आधार और प्रक्रिया
जब किसी व्यक्ति का नाम किसी पुलिस केस में गलत तरीके से डाल दिया जाता है या उसे परेशान करने के लिए झूठा केस किया जाता है, तो उसके पास हाई कोर्ट जाकर उस एफआईआर को रद्द (FIR Quash) कराने का अधिकार होता है। प्राथमिकी रद्द करवाने के लिए आपको हाई कोर्ट में BNSS की धारा 528 के तहत एक याचिका (Quashing Petition) दायर करनी होती है। हाई कोर्ट एफआईआर रद्द तभी करता है जब उसे लगे कि केस झूठा या निराधार है।
इस आर्टिकल में हम विस्तार से समझेंगे कि एफआईआर रद्द कराने के आधार क्या हैं, यह कब और कैसे की जाती है – नियम, शर्ते और हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की पूरी प्रक्रिया।
एफआईआर रद्द (FIR Quash) करना क्या है?
जब पुलिस किसी मामले में एफआईआर दर्ज करती है, तो उसकी जांच शुरू हो जाती है। लेकिन अगर आरोपी को लगता है कि एफआईआर में लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं या उनके पीछे कोई ठोस सबूत नहीं है, तो वह उस एफआईआर को रद्द कराने के लिए सीधे हाई कोर्ट जा सकता है।
हाई कोर्ट के पास यह ‘खास पावर’ होती है कि वह उस एफआईआर को शुरुआती स्टेज पर ही खत्म कर दे। इसका मतलब यह है कि पुलिस उस मामले में आगे कोई जांच या गिरफ्तारी नहीं कर पाएगी और वह केस वहीं बंद हो जाएगा। इसे ही एफआईआर क्वैश करना कहते हैं।
एफआईआर क्वैश करने की धारा और हाई कोर्ट शक्ति
BNSS की धारा 528 हाई कोर्ट को यह “खास पावर” देती है कि वह किसी भी ऐसे केस को खत्म कर दे जो कानून का गलत इस्तेमाल कर रहा हो। एफआईआर रद्द करने की ताकत केवल हाई कोर्ट के पास है। जिला अदालत या सेशन कोर्ट किसी एफआईआर को रद्द नहीं कर सकते। वे केवल आपको जमानत दे सकते हैं या केस के अंत में बरी कर सकते हैं।
किन हालातों में प्राथमिकी रद्द सकती है
हाई कोर्ट हर मामले में हस्तक्षेप नहीं करता। एफआईआर रद्द कराने के लिए कुछ खास आधार होने ज़रूरी हैं:
- जब कोई जुर्म ही न बनता हो: एफआईआर में लिखी कहानी को अगर सच भी मान लिया जाए, और फिर भी कानून की किसी धारा के तहत कोई अपराध साबित न हो रहा हो।
- झूठे आरोप या गलत नीयत : अगर यह साबित हो जाए कि एफआईआर केवल बदला लेने या आरोपी को बदनाम करने के लिए दर्ज की गई है।
- सबूतों का न होना: जब पुलिस के पास आरोपी के खिलाफ “पहली नज़र” (Prima Facie) में कोई ठोस कागज़ या गवाह न हो।
- दीवानी झगड़े को पुलिस केस बनाना: अगर मामला पैसों के लेन-देन या जमीन के बंटवारे का है (जो सिविल कोर्ट का काम है), लेकिन उसे जानबूझकर “ठगी” या “मार-पीट” का रंग देकर एफआईआर कराई गई हो।
- कानूनी रोक: अगर उस केस को करने के लिए कानून में पहले से कोई रोक हो (जैसे समय सीमा निकल जाना)।
- आपसी समझौता: कुछ मामलों में (जैसे पति-पत्नी का झगड़ा) अगर दोनों पक्ष सुलह कर लें और हाई कोर्ट को लिखित में दें, तो कोर्ट केस खत्म कर देता है।
एफआईआर रद्द करने की प्रक्रिया
अगर आपको एफआईआर रद्द करवानी है, तो आपको नीचे दिए स्टेप्स का को फॉलो करना चाहिए:
स्टेप 1: वकील से सलाह और अर्जी तैयार करना
सबसे पहले आपको हाई कोर्ट के एक अच्छे आपराधिक वकील से मिलना होगा। वकील आपकी एफआईआर की कॉपी पढ़ेगा और BNSS की धारा 528 के तहत एक ‘क्वैशिंग पिटीशन’ तैयार करेगा।
स्टेप 2: हाई कोर्ट में केस फाइल करना
यह अर्जी केवल राज्य के हाई कोर्ट में ही लगाई जा सकती है। निचली अदालतों (जैसे डिस्ट्रिक्ट कोर्ट) के पास एफआईआर रद्द करने की पावर नहीं होती।
स्टेप 3: शुरुआती सुनवाई
जज आपकी अर्जी सुनते हैं। अगर उन्हें लगता है कि आपके पास मज़बूत आधार है, तो वे पुलिस को नोटिस जारी करते हैं और केस को आगे की सुनवाई के लिए रख लेते हैं।
स्टेप 4: गिरफ्तारी पर रोक
अक्सर वकील कोर्ट से मांग करते हैं कि जब तक रद्द करने की अर्जी पर फैसला न आए, तब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार न करे। इसे ‘स्टे आर्डर’ (Stay Order) कहते हैं।
स्टेप 5: अंतिम फैसला
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अगर कोर्ट संतुष्ट है कि एफआईआर गलत है, तो वह उसे रद्द करने का आदेश दे देता है।
गंभीर अपराधों की धराओं में दर्ज एफआईआर रद्द हो सकती है?
- गंभीर अपराध (Heinous Crimes): मर्डर (BNS 103), रेप (BNS 64), डकैती या देश के खिलाफ अपराधों में कोर्ट आमतौर पर एफआईआर रद्द नहीं करता। कोर्ट का मानना है कि ऐसे गंभीर मामलों की पूरी जांच होनी चाहिए और फैसला ट्रायल कोर्ट में ही होना चाहिए।
- समझौता भी काम नहीं आता: अगर किसी ने मर्डर किया है और बाद में वह पीड़ित परिवार को पैसे देकर समझौता कर ले, तो भी हाई कोर्ट एफआईआर रद्द नहीं करेगा, क्योंकि यह समाज के खिलाफ अपराध है।
- BNS 85 (दहेज) और छोटे झगड़े: पति-पत्नी के विवाद या छोटे-मोटे झगड़ों में अगर समझौता हो जाता है, तो कोर्ट खुशी-खुशी एफआईआर रद्द कर देता है ताकि परिवार बच सके।
- सुप्रीम कोर्ट के नियम: सुप्रीम कोर्ट ने साफ़ कहा है कि हाई कोर्ट को अपनी इस पावर का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करना चाहिए। अगर अपराध समाज के खिलाफ है, तो समझौता होने पर भी एफआईआर रद्द नहीं की जाएगी।
एफआईआर क्वैशिंग के अलावा अन्य कानूनी विकल्प
अगर आपको लगता है कि हाई कोर्ट एफआईआर रद्द नहीं करेगा, तो आप इन विकल्पों पर विचार कर सकते हैं:
- अग्रिम जमानत: अगर आपको गिरफ्तारी का डर है, तो आप BNSS की धारा 482के तहत अग्रिम जमानत मांग सकते हैं।
- डिस्चार्ज: अगर पुलिस चार्जशीट फाइल कर देती है, तो आप ट्रायल कोर्ट में ‘डिस्चार्ज अर्जी’ लगा सकते हैं कि आपके खिलाफ केस चलाने लायक सबूत नहीं हैं।
- ट्रायल का सामना: अगर मामला गंभीर है, तो कोर्ट में सबूतों और गवाहों के ज़रिए अपनी बेगुनाही साबित करना ही सबसे सही रास्ता होता है।
- एफआईआर रद्द कराने में कितना समय और खर्चा लगता है?
- समय: हाई कोर्ट में काफी संख्या में मामले लंबित रहते है। एक सामान्य एफआईआर को रद्द कराने में 6 महीने से लेकर 1 साल तक का समय लग सकता है। हालाँकि, गिरफ्तारी पर ‘स्टे’ आपको पहली या दूसरी सुनवाई में ही मिल सकता है।
- खर्चा: यह पूरी तरह आपके वकील के अनुभव और केस की गंभीरता पर निर्भर करता है। हाई कोर्ट के वकीलों की फीस 10,000 रुपये से लेकर लाखों में हो सकती है। इसमें कोर्ट की फीस और टाइपिंग का खर्चा अलग से होता है।
- क्या चार्जशीट फाइल होने के बाद भी एफआईआर रद्द हो सकती है?
- हाँ, यह एक गलत धारणा है कि चार्जशीट (आरोप पत्र) फाइल होने के बाद कुछ नहीं हो सकता। आप चार्जशीट फाइल होने के बाद भी हाई कोर्ट जा सकते हैं। वकील इस बार केवल एफआईआर नहीं, बल्कि पूरी चार्जशीट और कोर्ट की कार्यवाही को रद्द कराने की मांग करेगा। अगर हाई कोर्ट को लगता है कि पुलिस ने जांच में कुछ भी साबित नहीं किया है और एफआईआर दर्ज करने का आधार सही नहीं हैं, तो वह पूरा केस खत्म कर सकता है

Advocate M.L.Khan
