कानूनी विकल्प और जवाब देने की प्रक्रिया
अगर आपको कोर्ट से नोटिस या समन मिला है, तो घबराना स्वाभाविक है, लेकिन सबसे पहले यह समझना ज़रूरी है कि समन कोई सजा या निर्णय नहीं होता बल्कि एक लीगल नोटिस होता है जो बताता है कि आपके ख़िलाफ़ किसी मामले में मुकदमा दायर किया गया है, और आपको उस पर अपना जवाब देना है या अदालत में हाज़िर होना है। समन में सुनवाई की तारीख, समय और स्थान जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारी होती है।
कोर्ट से समन (Court Summon) आने पर घबराने की ज़रूरत नहीं है। सबसे पहले समन की कॉपी ध्यान से पढ़ें और उसमें दी गई सुनवाई की तारीख, समय नोट करें। समन को अनदेखा न करें और तुरंत किसी वकील से सलाह लें। समन में बताई गई तारीख पर समय पर कोर्ट में पेश होना ज़रूरी है, क्योंकि समन को नज़रअंदाज़ करने पर गिरफ्तारी वारंट जारी हो सकता है। इस आर्टिकल में, हम सरल भाषा में विस्तार से समझेंगे कि कोर्ट का नोटिस आने पर क्या करना चाहिए और समन का जवाब ना देने पर क्या हो सकता है? और अगर किसी गलत या झूठे केस में समन मिला है तो क्या कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
कोर्ट का समन क्या है और इसे नज़रअंदाज़ क्यों नहीं करना चाहिए?
कोर्ट का समन (Summon) एक कानूनी दस्तावेज़ है जो कोर्ट द्वारा जारी किया जाता है। इसे समझना और समय पर जवाब देना बहुत ज़रूरी है।
- समन का मतलब: समन का मतलब है कि आपके ख़िलाफ़ किसी व्यक्ति ने कोर्ट में केस फाइल किया है। यह आपको कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करने के लिए कहता है, जहाँ आप प्रतिवादी (जिस पर केस हुआ है) होते हैं।
- नज़रअंदाज़ करने पर क्या होता है: समन को अनदेखा करने से सबसे बड़ा खतरा एकतरफा कार्रवाई (Ex-Parte Proceeding) का होता है। इसका मतलब है कि कोर्ट आपकी अनुपस्थिति में ही मामले की सुनवाई कर लेगी और फैसला आपके खिलाफ आ सकता है। इससे बचने के लिए, समन का जवाब देना अनिवार्य है।
समन में क्या लिखा होता है?
समन कोर्ट द्वारा भेजा जाने वाला एक ऑफिसियल डॉक्यूमेंट है, जिसमें केस से जुड़ी सभी ज़रूरी जानकारी दी जाती है। आपको इसे ध्यान से पढ़ना चाहिए ताकि आप केस से जुडी सभी जानकारी समझ सकें।
- कोर्ट का नाम और पता: समन जारी करने वाले कोर्ट का नाम और पूरा पता दिया होता है (जैसे – फैमिली कोर्ट, सिविल जज कोर्ट)।
- मुकदमा संख्या (Case Number): अदालत में रजिस्टर होने वाले हर केस का एक अलग नंबर होता है। इस नंबर का उपयोग आप ऑनलाइन केस की स्थिति (Status) की जाँच करने के लिए कर सकते हैं।
- वादी और प्रतिवादी का नाम: समन में जिसने केस दायर किया है और जिसके ख़िलाफ़ केस दायर हुआ है, दोनों का काम लिखा होता है
- विषय और धाराएं: समन में संक्षेप में बताया जाता है कि विवाद किस विषय पर है (जैसे- संपत्ति विवाद, तलाक, या चेक बाउंस) और इसमें कौन सी कानूनी धाराएं लगाई गई हैं।
- पेशी की तारीख और समय: समन में लिखी यह सबसे महत्वपूर्ण जानकारी है। आपको ठीक उसी तारीख और समय पर कोर्ट में हाज़िर होना आवश्यक है।
कोर्ट नोटिस के प्रकार और समन आने के तरीके
कोर्ट कई प्रकार के कानूनी नोटिस या समन जारी करती है, जो मामले की प्रकृति के आधार पर अलग-अलग होते हैं। आपको पता होना चाहिए कि आपको किस तरह का नोटिस मिला है और किस माध्यम से आया है।
कोर्ट नोटिस के प्रकार
- गवाह समन (Witness Summon): यह समन तब आता है जब आपको किसी अन्य व्यक्ति के मामले में गवाही देने के लिए बुलाया जाता है।
- दीवानी समन (Civil Summon): यह तब आता है जब आपके ख़िलाफ़ संपत्ति विवाद, तलाक, पैसे के लेन-देन जैसे दीवानी मामले दर्ज होते हैं।
- आपराधिक समन (Criminal Summon): यह तब आता है जब आपके ख़िलाफ़ अपराधिक शिकायत (जैसे चेक बाउंस, मानहानि, या कोई अन्य आपराधिक आरोप) दर्ज होती है।
समन कैसे मिलता है – आने के तरीके
- बेलीफ द्वारा व्यक्तिगत डिलीवरी: यह सबसे आम तरीका है। कोर्ट का बेलीफ (Bailiff), समन को आपके घर या ऑफिस पर व्यक्तिगत रूप से देता है और आपसे हस्ताक्षर कराता है।
- रजिस्टर्ड डाक (Registered Post): कोर्ट समन को पंजीकृत डाक के माध्यम से भी भेजती है। यदि डाक विभाग यह पुष्टि करता है कि समन आपको मिल गया है, तो इसे भी कानूनी रूप से मान्य डिलीवरी माना जाता है।
- अख़बार द्वारा: अगर व्यक्ति समन लेने से मना कर रहा है या उसका पता नहीं मिल रहा है, तो कोर्ट अख़बारों में भी नोटिस प्रकाशित करवा सकती है।
समन को नज़रअंदाज़ करने या जवाब न देने पर क्या होता है?
कोर्ट के समन को अनदेखा करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है, जिसके परिणाम आपके लिए गंभीर कानूनी और वित्तीय मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
- एकतरफा कार्रवाई (Ex-Parte Proceeding): अगर आप समन का जवाब नहीं देते या कोर्ट में पेश नहीं होते, तो कोर्ट यह मान लेती है कि आप केस लड़ना नहीं चाहते। कोर्ट आपकी अनुपस्थिति में ही मामले का एकतरफा फैसला सुना सकता है।
- आपके खिलाफ फैसला: एकतरफा कार्रवाई होने पर, जज केवल सामने वाले पक्ष के सबूतों और तर्कों के आधार पर आपके खिलाफ फैसला दे सकते हैं। इससे आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है या संपत्ति का अधिकार खोना पड़ सकता है।
- गिरफ्तारी वारंट: आपराधिक मामलों या समन को बार-बार नज़रअंदाज़ करने पर, कोर्ट आपके लिए गिरफ्तारी वारंट (Warrant) जारी कर सकता है। वारंट का मतलब है कि पुलिस आपको गिरफ्तार कर सकती है।
कोर्ट का समन मिलने पर क्या करें – कानूनी विकल्प और जवाब
अगर आपको कोर्ट का समन मिलता है, तो घबराने के बजाय शांत रहकर नीचे दिए कदम उठाएं:
- शांत रहें और समन स्वीकार करें: सबसे पहले समन की कॉपी लें। इसे अच्छी तरह पढ़ें और उसकी एक फोटोकॉपी सुरक्षित रखें।
- वकील से सलाह: यह सबसे पहला और ज़रूरी काम है। तुरंत कानूनी सलाहकार (वकील) से संपर्क करें। वकील आपको बताएगा कि आपके ख़िलाफ़ कौन सी धाराएं लगी हैं और आपको क्या जवाब देना है।
- केस का आधार समझें: वकील की मदद से यह समझें कि केस का मुख्य विषय क्या है और सामने वाला पक्ष आपसे क्या चाहता है।
- दस्तावेज़ तैयार करें: वकील के निर्देशानुसार, केस से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज़ (जैसे कॉन्ट्रैक्ट, एग्रीमेंट, पुराना पत्राचार) इकट्ठा करें।
- कोर्ट में समय पर हाजिर होना: समन में दी गई तारीख पर कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। भले ही वकील तैयार न हो, आपको कोर्ट में हाज़िर होना अनिवार्य है।
- जवाब दाखिल करें: वकील के माध्यम से कानूनी जवाब (Reply) या लिखित बयान कोर्ट में निर्धारित समय सीमा के भीतर दाखिल करें।
झूठे मामले में समन मिलने पर क्या करे?
अगर आपको लगता है कि समन किसी झूठे, गलत या बेबुनियाद मामले में आया है, तो भी उसे नज़रअंदाज़ न करें। आपको कानूनी तरीके से ही इसका जवाब देना होगा।
- समन स्वीकार करें और वकील से मिलें: भले ही आपको लगे कि केस झूठा है, समन स्वीकार करना अनिवार्य है। तुरंत अपने वकील से मिलकर समन दिखाएं।
- केस रद्द कराने की मांग: यदि मामला आपराधिक है और पूरी तरह से झूठा है, तो आपका वकील भारतीय न्याय संहिता (BNS)के तहत हाई कोर्ट में जाकर केस रद्द (Quashing of FIR) कराने की मांग कर सकता है।
- सही जवाब दाखिल करें: आपके वकील द्वारा कोर्ट में लिखित बयान या जवाब दाखिल किया जाएगा। इसमें साफ-साफ बताया जाएगा कि आरोप झूठे हैं, और आपके ख़िलाफ़ गलत धाराएं लगाई गई हैं।

Advocate M L khan
