IRDAI गाइडलाइन्स, कारण और शिकायत
आज के समय अधिकतर लोग अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बीमा (Insurance) करवाते हैं, ताकि किसी हादसे, बीमारी या नुकसान के समय उन्हें अपनी जेब से पैसे ना देने पड़े। लेकिन जब लोग इंश्योरेंस क्लेम करते हैं, तो कई बार बीमा कंपनियां इसे किसी न किसी वजह से रिजेक्ट कर देती हैं। किसी का मेडिकल क्लेम यह कहकर ठुकरा दिया जाता है कि इलाज पॉलिसी में नहीं आता, तो किसी की गाड़ी का क्लेम इसलिए रिजेक्ट कर दिया जाता है कि हादसे की जानकारी समय पर नहीं दी गई। ऐसे में सबसे बड़ी बात यह होती है कि, उन्हें आगे क्या करना चाहिए, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं होती। इस लेख में हम आपको हेल्थ, मोटर, लाइफ या किसी अन्य तरह के बीमा क्लेम से जुड़ी हर जरूरी बात बताएंगे जैसे कि, इंश्योरेंस क्लेम क्या होता है, किन कारणों से यह रिजेक्ट हो सकता है? Insurance Claim Reject होने पर क्या करें? बीमा रिजेक्ट होने पर IRDAI गाइडलाइन्स और शिकायत/अपील दर्ज करने की प्रक्रिया?
इन सभी जानकारियों के अलावा हम आपको यह भी बताएंगे कि, अगर आपका बीमा के लिए किया गया दावा (Insurance Claim) गलत तरीके से ठुकरा दिया गया है तो आप क्लेम के पैसे फिर से कैसे प्राप्त कर सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपके बीमे के पैसों का दावा बिना किसी दिक्कत के पास हो, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें!
Insurance Claim क्या होता है?
बीमा का दावा (Insurance Claim) का मतलब है कि जब कोई इंसान किसी परेशानी, बीमारी, हादसे या नुकसान की वजह से आर्थिक तंगी (Financial Crisis) में आ जाता है, तो वह अपनी बीमा पॉलिसी के हिसाब से बीमा कंपनी से पैसे की मांग करता है।
जैसे मान लीजिए, अगर आपने स्वास्थ्य बीमा (Health Insurance) लिया है और आपको कोई बड़ी बीमारी हो गई, जिससे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, तो इलाज का खर्चा उठाने के लिए आप बीमा कंपनी से क्लेम के जरिए पैसों की मांग कर सकते है। आसान भाषा में कहें, तो बीमा दावा का मतलब है मुसीबत के वक्त बीमा कंपनी से अपने हक के पैसे मांगना।
Insurence Claim Reject होने का मतलब क्या होता है?
जब कोई व्यक्ति अपनी बीमा कंपनी से पैसे (Claim) मांगता है, तो कंपनी पहले उसकी जांच-पड़ताल (Investigation) करती है। अगर कंपनी को लगता है कि क्लेम ठीक नहीं है या पॉलिसी की शर्तों के हिसाब से नहीं है, तो वो उसे नामंजूर (Reject) कर देती है।
सरल भाषा में कहें तो, क्लेम रिजेक्ट होने का मतलब ये है कि आपकी बीमा कंपनी ने आपके नुकसान के बदले पैसे देने से मना कर दिया है। यानी, जो मुआवजा आपने मांगा था वो अब आपको नहीं मिलेगा।
क्लेम रिजेक्ट क्यों होता है – मुख्य कारण
इंश्योरेंस क्लेम अस्वीकार (Insurance Claim Rejected) होने के कई कारण हो सकते हैं। नीचे कुछ प्रमुख कारण विस्तार से बताए गए हैं:
1. गलत या अधूरी जानकारी देना
जब आप बीमा (Insurance) खरीदते हैं, तो आप जिस चीज के लिए बीमा पॉलिसी ले रहे है, उस चीज से जुड़ी सही जानकारियाँ आपको देनी होती है, जैसे अपनी सेहत के लिए, गाड़ी के लिए या अन्य चीजों के लिए। अगर आप कोई भी गलत जानकारी देते हैं या कुछ छिपाते हैं, तो बाद में आपका दावा अस्वीकार (Claim Reject) हो सकता है।
जैसे: अगर आपने अपनी पुरानी बीमारी के बारे में नहीं बताया और बाद में उसी बीमारी का इलाज कराया, तो हेल्थ क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
2. पॉलिसी की शर्तों का पालन न करना
हर इंश्योरेंस पॉलिसी के कुछ नियम (Rules) होते हैं। अगर आप उन नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो भी आपका क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
जैसे: अगर गाड़ी के इंश्योरेंस में लिखा है कि ड्राइवर के पास लाइसेंस होना चाहिए, और दुर्घटना (Accident) के समय उसके पास लाइसेंस नहीं था, तो आपका कार इंश्योरेंस (Motor Insurance) का दावा खारिज (Claim Reject) हो सकता है।
3. समय पर दावा (Claim) न करना
हर बीमा कंपनी कलेम करने के लिए एक तय समय (Fix Time) देती है। अगर आप उस समय के अंदर क्लेम नहीं करते, तो आपका दावा खारिज हो सकता है।
जैसे: अगर आपकी गाड़ी चोरी हो गई और आपने एक महीने बाद कंपनी को इस बारे में बताया, तो आपके द्वारा किया गया दावा खारिज हो सकता है।
4. जरूरी कागजात न देना:
बीमा क्लेम करने के लिए कुछ जरूरी कागजात (Documents) जमा करने होते हैं। अगर आप सही कागजात नहीं देते या कोई जरूरी कागज जमा करना भूल जाते हैं, तो आपका क्लेम खारिज हो सकता है।
जैसे: अस्पताल के बिल या डॉक्टर की रिपोर्ट न देने पर हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
5. धोखाधड़ी की कोशिश करना
अगर कंपनी को लगता है कि आप किसी तरह का धोखा (Cheat) कर रहे हैं, तो भी इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
जैसे: जानबूझकर खुद ही अपना फोन तोड़कर इंश्योरेंस का पैसा लेने की कोशिश करना।
6. इंश्योरेंस का समय खत्म हो जाना:
अगर आपका इंश्योरेंस पॉलिसी का समय खत्म हो चुका है और आपने उसे समय पर दोबारा चालू (Renew) नहीं कराया, तो भी आपका क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
जैसे: अगर आपकी पॉलिसी 1 जनवरी को खत्म हो गई और आपने 15 जनवरी को Renew कराया, और इस बीच आपको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, तो बीमा के पैसों के लिए किया गया दावा खारिज हो सकता है।
इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट होने पर IRDAI के नियम क्या कहते हैं?
अगर आपका बीमा के पैसों के लिए किया गया दावा खारिज (Insurance Claim Reject) हो गया है, तो आपको IRDAI (भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण) द्वारा बीमा कंपनियों के लिए बनाए गए नियमों के बारे में जानना बहुत ही जरुरी है। आइए, जानते हैं कि IRDAI के नियम और गाइडलाइन्स बीमे के दावे के बारे इस बारे में क्या कहते हैं।
दावे के निपटान (Claim Settlement) की समय सीमा:
IRDAI के 2017 के नियमों के अनुसार, बीमा कंपनियों को क्लेम की जानकारी मिलने के 30 दिनों के अंदर ही फैसला लेना जरूरी होता है। अगर कंपनी को ग्राहक से कोई और कागज (Document) चाहिए, तो उसे 15 दिनों के अंदर ही बता देना चाहिए ताकि देर ना हो। इसके बाद जब कंपनी को सभी जरूरी कागजात मिल जाते हैं और वे सही होते हैं, तो कंपनी को 30 दिनों के अंदर ग्राहक के द्वारा किए गए क्लेम का भुगतान (Payment) करना होता है।
अगर कंपनी इसमें देरी करती है, तो उसे ब्याज (Interest) के साथ भुगतान करना होगा, ताकि उपभोक्ता (Consumer) को परेशानी न हो।
दावा खारिज (Claim Reject) करने का लिखित कारण:
कोई भी बीमा कंपनी (Insurance Company) बिना सही कारण (Exact Reason) बताए आपका क्लेम रिजेक्ट नहीं कर सकती। अगर क्लेम रिजेक्ट किया जाता है, तो कंपनी को इसका कारण लिखित (Written) में बताना होगा और साथ ही उन नियमों के बारे में जानकारी देनी होगी, जिनके आधार (Bases) पर यह फैसला लिया गया है।
अगर आपको लगता है कि आपका क्लेम गलत तरीके से रिजेक्ट हुआ है, तो आप बीमा लोकपाल या IRDAI में इसकी शिकायत (Complaint) कर सकते हैं और समाधान (Solution) की मांग कर सकते हैं।
इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट होने पर क्या करें?
अगर आपका इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्ट हो गया है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। कई बार छोटी गलतियों या अधूरी जानकारी की वजह से ऐसा हो सकता है। लेकिन सही तरीके से कदम उठाने पर आपका क्लेम दोबारा मंजूर (Approve) हो सकता है। हमारे द्वारा यहां कुछ जरूरी बातें बताई गई हैं, जिनसे आप अपने बीमा के पैसों के दावे को फिर से आगे बढ़ा सकते हैं।
1. रिजेक्शन लेटर को ध्यान से पढ़ें
जब आपका दावा (Claim) नामंजूर (Reject) होता है, तो बीमा (Insurance) कंपनी आपको एक अस्वीकरण पत्र (Rejection Letter) भेजती है। इस पत्र में बताया जाता है कि आपका दावा क्यों नामंजूर किया गया है। इसे ध्यान से पढ़ें और समझें कि किस वजह से आपका दावा खारिज हुआ।
सबसे पहले देखें कि कहीं किसी जरूरी दस्तावेज (Documents) की कमी के कारण तो दावा नामंजूर नहीं हुआ है। फिर यह जांच करें कि आपकी बीमा पॉलिसी (Insurance Policy) की किसी शर्त (Condition) का उल्लंघन तो नहीं हुआ है। अगर कारण समझ में न आए, तो बीमा कंपनी से पूरी जानकारी लिखित में मांगें ताकि आगे सही कदम उठा सकें।
2. कागजों की दोबारा जांच करें (मेडिकल रिपोर्ट, FIR, आदि)
कई बार बीमा का पैसा (Insurance Money) नहीं मिल पाने की वजह गलत या अधूरी जानकारी होती है। इसलिए अपने सभी कागजों को फिर से ध्यान से देखें और जांच करें कि कहीं कोई गलती तो नहीं हुई है। अगर कोई कमी हो, तो उसे ठीक करके बीमा कंपनी को दोबारा दें।
किन दस्तावेजों की जांच करें?
- हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम के लिए: अस्पताल के बिल, डॉक्टर की रिपोर्ट, मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट, पॉलिसी की शर्तें।
- मोटर इंश्योरेंस क्लेम के लिए: पुलिस FIR, गाड़ी की मरम्मत के बिल, एक्सीडेंट की तस्वीरें, ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति (Copy)
- लाइफ इंश्योरेंस क्लेम के लिए: मृत्यु प्रमाण पत्र, अस्पताल की रिपोर्ट, बीमा धारक की पहचान से जुड़े दस्तावेज। अगर किसी दस्तावेज में कमी है, तो तुरंत उसे इकट्ठा करें और बीमा कंपनी को भेजें।
3. इंश्योरेंस कंपनी से लिखित में स्पष्टीकरण (Explanation) मांगें
अगर आपको लगता है कि आपका बीमा दावा (Claim) गलत तरीके से खारिज किया गया है या आपको कंपनी के द्वारा दी गई वजह ठीक से समझ नहीं आ रही है, तो बीमा कंपनी से लिखित में पूरा कारण पूछें।
कैसे मांगें?
बीमा कंपनी को एक ईमेल भेजें, जिसमें अपना पॉलिसी नंबर और क्लेम नंबर साफ-साफ लिखें। उनसे पूछें कि आपका क्लेम क्यों खारिज किया गया और क्या इसे दोबारा चेक किया जा सकता है। अगर आपको लगे कि कंपनी ने गलत फैसला लिया है, तो दोबारा जांच (Review) की मांग करें।
4. बीमा कंपनी से अपील करें
अगर आपका बीमा क्लेम गलत वजह से खारिज हुआ है या आपने जरूरी कागज पूरे कर लिए हैं, तो आप दोबारा क्लेम के लिए कह सकते हैं। इसके लिए बीमा कंपनी को एक ईमेल या पत्र लिखें और साफ-साफ बताएं कि आपने सारे जरूरी कागज जमा कर दिए हैं और अब आपका क्लेम स्वीकार (Accept) किया जाना चाहिए।
कैसे करें?
सबसे पहले बीमा कंपनी के कस्टमर केयर से बात करें और पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी लें। फिर अपने सभी जरूरी कागज दोबारा जमा करें और अपील में समझाएं कि पहले क्या गलती हुई थी और अब आपने उसे कैसे सही किया है। अगर कंपनी फिर भी क्लेम मानने से मना करे,तो उनसे लिखित में जवाब देने को कहें।
5. बीमा लोकपाल (Insurance Ombudsman) या उपभोक्ता फोरम में शिकायत करें
अगर बीमा कंपनी आपका सही क्लेम भी खारिज कर रही है और आपकी अपील को अनदेखा कर रही है, तो आप बीमा ओंबड्समैन (Insurance Ombudsman) या उपभोक्ता फोरम (Consumer Court) में शिकायत कर सकते हैं।
कब शिकायत करें?
- अगर कंपनी ने आपकी अपील पर ध्यान नहीं दिया और फिर भी क्लेम रिजेक्ट कर दिया।
- अगर आपको लगे कि बीमा कंपनी ने पॉलिसी के नियमों के खिलाफ फैसला लिया है।
- अगर बीमा कंपनी आपकी शिकायतों का सही जवाब नहीं दे रही है।
क्लेम रिजेक्ट होने पर IRDAI को कैसे शिकायत करें?
अगर आपकी बीमा कंपनी आपकी शिकायत नहीं सुन रही या गलत तरीके से क्लेम रिजेक्ट कर रही है, तो आप IRDAI (भारतीय बीमा नियामक प्राधिकरण) में शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए आप इंश्योरेंस ओम्बड्समैन पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
नीचे बताया गया तरीका अपनाकर आप आसानी से अपनी शिकायत दर्ज (Complaint Register) कर सकते हैं और उसका सही तरीके से जवाब पा सकते हैं।
1. IRDAI के “इंश्योरेंस ओम्बड्समैन” पोर्टल पर शिकायत करें
बीमा लोकपाल (Insurance Ombudsmen) एक ऐसा तरीका है, जो बीमा कंपनियों से जुड़ी शिकायतों को सुलझाने में मदद करता है। आप यहां पर बिना किसी कोर्ट केस के अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
कब शिकायत कर सकते है?
- अगर आपका इंश्योरेंस क्लेम गलत तरीके से रिजेक्ट किया गया है।
- अगर इंश्योरेंस कंपनी आपकी शिकायत का सही समाधान नहीं दे रही।
- अगर कंपनी बिना किसी कारण के बीमे के पैसों के भुगतान (Insurance Payment) में देरी कर रही है।
- अगर कंपनी ने गलत तरीके से पैसे काट लिए है या गलत जानकारी दी है।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
- इस प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज करने के लिए आपको इस IRDAI ऑफिसियल वेबसाइट (https://www.cioins.co.in/) पर जाना होगा, और “Register Complaint” ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
- आगे आपको अपनी खुद की जानकारी जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल भरनी होगी।
- इसके बाद अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी की जानकारी और शिकायत का कारण लिखें।
- अब सभी जरूरी दस्तावेज जैसे इंश्योरेंस पॉलिसी की कॉपी, रिजेक्शन लेटर, भुगतान की रसीदें (Payments Receipts) आदि अपलोड करें।
- आखिर में Submit Button पर क्लिक करें, इसके बाद आपको एक नंबर मिलेगा उसे नोट कर लें।
2. ऑफलाइन शिकायत फॉर्म भरने का तरीका
अगर आप ऑनलाइन शिकायत दर्ज नहीं करना चाहते, तो IRDAI को ऑफलाइन भी शिकायत भेज सकते हैं।
ऑफलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
- सबसे पहले एक शिकायत पत्र लिखें, जिसमें आपका नाम, पता, मोबाइल नंबर, पॉलिसी की जानकारी और आपकी समस्या की पुरी जानकारी हो।
- बीमा कंपनी के साथ हुई बातचीत के रिकॉर्ड और सभी जरूरी कागजात (जैसे क्लेम रिजेक्शन लेटर, मेडिकल रिपोर्ट, बिल, भुगतान की रसीदें) साथ में लगाएं।
इसके बाद शिकायत पत्र को इस पते पर भेजें:
- The Insurance Ombudsman,
- Office of the Insurance Ombudsman,
- [अपने राज्य के अनुसार संबंधित बीमा लोकपाल का पता देखें: https://www.cioins.co.in/ombudsman.html]
- आप अपनी शिकायत ईमेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं: complaints@irda.gov.in
3. केस ट्रैक करने की प्रक्रिया
शिकायत दर्ज करने के बाद आपको इसे समय-समय पर चेक करते रहना होगा और जरूरत पड़ने पर इसकी जानकारी भी लेनी होगी।
शिकायत का स्टेटस कैसे ट्रैक करें?
- IRDAI की वेबसाइट पर लॉगिन करें और शिकायत संख्या (Complaint Number) डालें।
- इसके बाद वेबसाइट पर “Track Complaint” ऑप्शन पर जाकर अपनी शिकायत की स्थिति (Status)s देखें।
- अगर आपकी शिकायत पर कोई अपडेट नहीं मिल रहा, तो IRDAI के हेल्पलाइन नंबर 155255 या 1800-4254-732 पर कॉल करें।
बीमे के पैसे ना मिलने पर इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ केस कैसे करें?
अगर आपकी बीमा कंपनी बिना किसी कारण के आपका क्लेम रिजेक्ट कर रही है या भुगतान में देरी कर रही है, तो आप कानूनी कदम उठा सकते हैं। इसके लिए आप उपभोक्ता अदालत (Consumer Court) में शिकायत कर सकते हैं, या वकील की मदद से कानूनी नोटिस भेज सकते हैं। आइए, जानते हैं कि बीमा कंपनी के खिलाफ सही तरीके से कानूनी कार्रवाई कैसे की जा सकती है।
कंज्यूमर कोर्ट (राज्य/राष्ट्रीय) में केस दर्ज करना
उपभोक्ता संरक्षण कानून, 2019 के तहत अगर बीमा कंपनी ठीक से काम नहीं कर रही है, या किसी ग्राहक के साथ गलत व्यवहार करती है, तो आप उपभोक्ता अदालत (Consumer Court) में शिकायत कर सकते हैं।
कंज्यूमर कोर्ट में केस कैसे करें?
सबसे पहले कंपनी को लिखित शिकायत दें और उनका जवाब आने का इंतजार करें। अगर कंपनी समाधान नहीं देती है, तो कंज्यूमर कोर्ट में केस दर्ज करें। अपनी लिखित शिकायत के साथ इन सभी जरूरी दस्तावेजों को जरुर लगाए, जैसे:
- इंश्योरेंस पॉलिसी की प्रति (Copy)
- दावा दाखिल (Claim Filling) करने के सबूत
- दावा खारिज करने का पत्र (Claim Rejection letter)
- कंपनी से हुई बातचीत के रिकॉर्ड
कंज्यूमर कोर्ट में मामला कहां दर्ज करें?
- जिला उपभोक्ता फोरम: ₹50 लाख तक के दावों के लिए।
- राज्य उपभोक्ता आयोग: ₹50 लाख से ₹2 करोड़ तक के दावों के लिए।
- राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग (NCDRC): ₹2 करोड़ से अधिक के दावों के लिए।
अगर आपकी इंश्योरेंस कंपनी आपको सही तरीके से क्लेम नहीं दे रही है, तो आप कंज्यूमर कोर्ट में शिकायत कर सकते हैं और मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं।
वकील की सहायता से बीमा कंपनी को लीगल नोटिस भेजना
अगर इंश्योरेंस कंपनी आपकी शिकायत का समाधान नहीं कर रही है, तो आप वकील (Lawyer) की मदद से लीगल नोटिस भेज सकते हैं।
लीगल नोटिस भेजने की प्रक्रिया
- सबसे पहले किसी अनुभवी वकील से सलाह लें।
- इसके बाद वकील आपके इंश्योरेंस के लिए किए गए दावे से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच करेगा।
- आगे की कार्यवाही के तहत वकील उस कंपनी को एक लीगल नोटिस भेजेगा, जिसमें दावे के निपटान (Claim Settlement) की मांग होगी।
- अगर कंपनी फिर भी समाधान (Solution) नहीं देती, तो आप कंपनी के खिलाफ अपने वकील की मदद से केस दर्ज (Case Register) कर सकते हैं।
लीगल नोटिस भेजने के फायदे
कई मामलों में कंपनी तुरंत दावे का निपटान (Claim Settlement) कर देती है। अगर आपको कोर्ट जाना पड़े, तो लीगल नोटिस आपके केस को मजबूत बना सकता है।
निष्कर्ष: बीमा के पैसों के दावे का खारिज (Claim Reject) होना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में आपको कानूनी मदद की जरूरत पड़ सकती है, जिसके लिए हमारे काबिल व अनुभवी वकील आपकी पूरी मदद करेंगे। आप घर बैठे ही नीचे दिए लिंक पर क्लिक करके अपनी परेशानी का समाधान पा सकते है।
