कानूनी नियम और आपके अधिकार
अगर पुलिस आपको फोन करके या नोटिस भेजकर थाने बुलाए, तो आपको घबराना नहीं चाहिए और जल्दबाजी में थाने नहीं जाना चाहिए। सबसे पहले, कॉल करने वाले पुलिस अधिकारी का नाम, पद (रैंक) और थाने की जानकारी पूछें और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 179 (CrPC 160) के तहत एक लिखित नोटिस की मांग करें, जिसमें बुलाने का कारण, तारीख, समय और अधिकारी के हस्ताक्षर होने चाहिए। यदि आपको लगता है कि मामला गंभीर हो सकता है या आपके ऊपर झूठी शिकायत दर्ज हुई है, तो वकील की सलाह लें या वकील के साथ थाने जाएं।
इस आर्टिकल में, हम विस्तार से जानेंगे कि पुलिस आपको कब थाने में बुलवा सकती है और किस-किस तरह के नोटिस भेज सकती है? नोटिस मिलने पर आपके क्या अधिकार हैं, और संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए?
पुलिस फ़ोन करके या नोटिस भेजकर कब आपको बुला सकती है?
पुलिस द्वारा भेजा गया नोटिस या कॉल आम तौर पर जांच (investigation) के लिए सूचना देने या गवाह (witness) के तौर पर बयान लेने के लिए होता है। हर मामलो में थाने बुलाने का मतलब यह नहीं होता कि आप सीधे आरोपी हैं।
पुलिस आपको नजदीकी पुलिस स्टेशन में बुलाने के कारण हो सकते है:
- गवाह के रूप में: आप किसी घटना के चश्मदीद गवाह हैं, या आपको मामले से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी पता है।
- बयान दर्ज करवाना: पुलिस आपका आधिकारिक बयान (Statement) दर्ज करना चाहती है जिससे उन्हें जांच में मदद मिले।
- कागज़ात की ज़रूरत: जाँच के लिए उन्हें आपसे कोई खास दस्तावेज़ (जैसे बैंक रिकॉर्ड, अटेंडेंस शीट) चाहिए।
- FIR दर्ज होने पर: आपके ख़िलाफ़ कोई FIR दर्ज हुई है और आपको जाँच में सहयोग करने के लिए बुलाया गया है।
पुलिस द्वारा भेजे जाने वाले मुख्य नोटिस और उनका असर
पुलिस आमतौर पर तीन मुख्य प्रकार के कानूनी नोटिस भेजती है। हर नोटिस का मतलब और गंभीरता अलग-अलग होती है।
BNSS की धारा 35 (160 CrPC) का नोटिस (गवाह को बुलाना)
- उद्देश्य: यह नोटिस किसी व्यक्ति को गवाह के तौर पर जाँच में शामिल होने या जानकारी देने के लिए भेजा जाता है।
- कम गंभीर: यह सबसे सामान्य नोटिस है और यह इशारा नहीं करता कि आप आरोपी हैं।
- आपके लिए सुविधा: महिलाएँ, 65 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे को पुलिस स्टेशन नहीं बुलाया जा सकता। पुलिस को उनका बयान उनके घर पर ही रिकॉर्ड करना होता है।
BNSS की धारा 94 (91 CrPC) का नोटिस (दस्तावेज़ मांगना)
- उद्देश्य: जब पुलिस को जाँच के लिए कोई विशिष्ट दस्तावेज़ या इलेक्ट्रॉनिक डेटा चाहिए होता है।
- उदाहरण: किसी विवाद से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड, मैसेज चैट्स या कोई संपत्ति का कागज़।
- आपको क्या करना चाहिए: नोटिस में बताए गए ज़रूरी दस्तावेज़ों को पुलिस को उपलब्ध कराना आपका कानूनी कर्तव्य होता है।
BNSS की धारा 36 (41A CrPC) का नोटिस (गिरफ्तारी से पहले का नोटिस)
- उद्देश्य: यह एक सबसे गंभीर नोटिस है। यह तब भेजा जाता है जब आपके ख़िलाफ़ FIR दर्ज हो चुकी है (अक्सर 7 साल से कम सज़ा वाले अपराधों में)।
- यह वारंट नहीं है: यह नोटिस आपको गिरफ्तार करने का वारंट नहीं है, बल्कि यह आपको जाँच में सहयोग करने के लिए कहता है ताकि गिरफ्तारी टाली जा सके।
- क्या करें: इस नोटिस को पाकर तुरंत वकील से संपर्क करें। यदि आप नोटिस का पालन करते हैं और सहयोग करते हैं, तो पुलिस आपको गिरफ्तार नहीं करती है।
- उल्लंघन का खतरा: यदि आप बिना किसी ठोस कारण के नोटिस का पालन नहीं करते हैं, तो पुलिस के पास आपको गिरफ्तार करने का अधिकार आ जाता है।
पुलिस नोटिस मिलने पर क्या करें? जाने आपके कानूनी अधिकार
पुलिस के संपर्क में आने पर शांत रहना और कानूनी अधिकारों का उपयोग करना सबसे महत्वपूर्ण है। अपने अधिकारों को जानें:
- लिखित नोटिस की मांग: हमेशा लिखित नोटिस मांगें। केवल फ़ोन कॉल या मौखिक आदेश पर थाने न जाएँ।
- वकील से सलाह: किसी भी नोटिस का जवाब देने या बयान देने से पहले तुरंत कानूनी सलाहकार (वकील) से बात करें।
- पूरी जानकारी लें: नोटिस देने वाले अधिकारी का नाम, पद, और नोटिस का कारण/FIR संख्या नोट करें।
- वकील साथ रखें: BNSS 35 के नोटिस के तहत पूछताछ के दौरान, आपको अपने वकील को अपने साथ रखने का कानूनी अधिकार है (भले ही वह सीधे हस्तक्षेप न करे)।
- झूठी FIR की आशंका: अगर आपको लगता है कि FIR झूठी है, तो आप BNSS की धारा 528 (या पुरानी CrPC 482) के तहतसीधे हाई कोर्ट में FIR को रद्द (Quash) कराने की याचिका दायर कर सकते हैं।
पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए तुरंत क्या करें?
यदि आपको डर है कि पुलिस आपको गिरफ्तार कर सकती है (खासकर BNSS 36 का नोटिस मिलने के बाद), तो आपको ये कदम उठाने चाहिए:
- सहयोग करें: पुलिस से नोटिस मिलने के बाद जाँच में सहयोग करें, लेकिन यह सब वकील की सलाह पर करें।
- अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail): अपने वकील के माध्यम से सत्र न्यायालय (Sessions Court) या हाई कोर्ट में अग्रिमजमानत के लिए आवेदन करें। यह संभावित गिरफ्तारी से पहले ही आपको सुरक्षा दे देता है।
- हाज़िरी पर हस्ताक्षर: पुलिस स्टेशन में हाज़िरी देते समय, वकील की देखरेख में केवल हाज़िरी पत्र पर ही हस्ताक्षर करें। बिना पढ़े किसी अन्य दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर न करें
निष्कर्ष: पुलिस से नोटिस या कॉल प्राप्त करना तनावपूर्ण हो सकता है, लेकिन यह जानना आवश्यक है कि यह केवल कानूनी प्रक्रिया का एक हिस्सा है। विभिन्न प्रकार के नोटिस और आपके अधिकारों को समझकर, आप शांत रहते हुए स्थिति को अधिक प्रभावी ढंग से संभाल सकते हैं।

Advocate M L khan
