हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 9 वैवाहिक अधिकारों की पुनर्स्थापना से संबंधित है। यदि पति या पत्नी में से कोई एक बिना किसी वाजिब कारण के दूसरे से अलग रहने लगता है, तो पीड़ित पक्ष धारा 9 के तहत उसे वापस बुलाने के लिए अदालत में याचिका दायर कर सकता है। इसे कानूनी भाषा में ‘वैवाहिक अधिकारों की बहाली’ कहा जाता है।
इस आर्टिकल में हम समझेंगे कि धारा 9 क्या है (section 9 of hindu marriage act in hindi)? इस सेक्शन के तहत केस करने के फायदे क्या हैं, इसकी प्रक्रिया क्या है, और इसके नुकसान या जोखिम क्या हो सकते हैं।
हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 – Section 9 of Hindu Marriage Act in Hindi
शादी के बाद पति और पत्नी का एक-दूसरे के साथ रहना एक कानूनी और सामाजिक जिम्मेदारी है। धारा 9 का मुख्य उद्देश्य टूटे हुए घरों को बचाना और पति पत्नी को फिर से साथ लाना है।
- कब लागू होती है: जब पति या पत्नी में से कोई भी एक, दूसरे की सहमति के बिना और बिना किसी “जायज़ वजह” के घर छोड़कर चला जाए।
- कोर्ट की भूमिका: कोर्ट इसमें एक बिचौलिए की तरह काम करता है। कोर्ट दोनों की बातें सुनता है और कोशिश करता है कि उनके बीच की गलतफहमी दूर हो जाए और वे फिर से साथ रहने लगें।
- कानूनी मतलब: अगर कोर्ट को लगता है कि छोड़कर जाने वाले के पास कोई ठोस वजह नहीं थी, तो कोर्ट उसे वापस अपने साथी के साथ रहने का आदेश दे देता है।
- धारा 9 के तहत केस फाइल करने के फायदे
- अक्सर लोग सोचते हैं कि “अगर पति या पत्नी खुद नहीं आना चाहता/चाहती, तो कोर्ट केस से क्या होगा?” लेकिन धारा 9 के कई ऐसे फायदे हैं जो आपके केस को मज़बूत बनाते हैं:
- 1. घर बचाने का आखिरी मौका
- धारा 9 का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह सीधे तलाक की बात नहीं करता। यह सुलह का एक मंच देता है जहाँ जज और काउंसिलर दोनों पक्षों को समझाते हैं। इससे कई घर टूटने से बच जाते हैं।
- 2. गुज़ारा भत्ता से बचाव
- यह पॉइंट पतियों के लिए बहुत ज़रूरी है। अगर पत्नी बिना किसी वजह के घर छोड़कर गई है और पति ने धारा 9 का केस किया हुआ है, तो पत्नी के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा सहिंता की धारा 144 (भरण पोषण) के तहत पैसे लेना मुश्किल हो जाता है। कोर्ट यह देखता है कि जब पति साथ रहने को तैयार है, तो पत्नी अलग रहकर खर्चा क्यों मांग रही है।
- 3. झूठे केसों से बचाव
- अगर ससुराल वालों या पार्टनर ने दहेज का झूठा केस करने की धमकी दी है, तो धारा 9 यह साबित करने में मदद करती है कि आप (याचिकाकर्ता) तो रिश्ता निभाना चाहते हैं और आप ही ने पहले कदम बढ़ाया है।
- 4. भविष्य में तलाक का आधार
- अगर कोर्ट धारा 9 का आदेश दे देता है कि “पार्टनर को वापस आना चाहिए”, और इसके बावजूद वह एक साल तक वापस नहीं आता/आती, तो यह आपके लिए तलाक लेने का एक बहुत मज़बूत आधार बन जाता है।
- हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 9 के तहत वैवाहिक अधिकारों की बहाली
- कोर्ट में धारा 9 का केस कैसे चलता है, इसकी पूरी जानकारी नीचे दी गई है:
- लीगल नोटिस भेजना: केस करने से पहले अक्सर एक लीगल नोटिस भेजा जाता है जिसमें पार्टनर से वापस आने की विनती की जाती है।
- अर्जी दाखिल करना: अगर नोटिस का जवाब न मिले, तो वकील के ज़रिए फैमिली कोर्ट में धारा 9 की अर्जी लगाई जाती है।
- समन जारी होना: कोर्ट दूसरे पक्ष को बुलाने के लिए नोटिस भेजता है।
- काउंसिलिंग और मध्यस्थता: कोर्ट सबसे पहले दोनों को काउंसिलिंग के लिए भेजता है ताकि वे आपस में बात करके मामला सुलझा लें।
- जवाब और बहस: अगर सुलह नहीं होती, तो दूसरा पक्ष अपना जवाब दाखिल करता है और दोनों के वकीलों के बीच बहस होती है।
- कोर्ट का फैसला: अगर जज को लगता है कि छोड़कर जाने वाले के पास कोई ‘जायज़ वजह’ (जैसे मार-पीट या जुल्म) नहीं है, तो वह वापस साथ रहने का आदेश सुना देता है।
- केस फाइल करने के लिए ज़रूरी कागज़ात
- अगर आप धारा 9 फाइल करना चाहते हैं, तो ये डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें:
- शादी का फोटो या शादी का कार्ड।
- मैरिज सर्टिफिकेट (अगर है तो)।
- पार्टनर का सही पता (जहाँ नोटिस भेजा जा सके)।
- आपके आधार कार्ड की फोटोकॉपी।
- कोई भी सबूत (मैसेज, रिकॉर्डिंग) जिससे दिखे कि आपने उसे वापस बुलाने की कोशिश की थी।
- हिंदू विवाह अधिनियम धारा 9 के जोखिम और नुक़सान
- धारा 9 के तहत याचिका दायर करने करने से पहले आपको इससे जुड़े कुछ रिस्क और नुकसान के बारे में भी जान लेना चाहिए:
- उलटे आरोपों का डर: जब आप धारा 9 के तहत केस करते हैं, तो सामने वाला पक्ष बचाव में आप पर क्रूरता या दहेज़ का इल्जाम लगा सकता है ताकि वह साबित कर सके कि वह घर क्यों छोड़कर गया।
- केस आपके खिलाफ जा सकता है: अगर कोर्ट में आपसे पूछा जाए कि “क्या आप वाकई उन्हें रखना चाहते हैं?” और आप झिझक गए, तो केस आपके खिलाफ जा सकता है।
- खर्चा बढ़ना: हालाँकि धारा 9 की कानूनी प्रक्रिया में खर्चा कम आता है, लेकिन अगर पार्टनर ने इसके जवाब में दूसरे केस (जैसे मेंटेनेंस) कर दिए, तो आपकी कानूनी लड़ाई लंबी और महंगी हो सकती है।
- क्या पुलिस ज़बरदस्ती पार्टनर को वापस लाती है?
- भारत का संविधान किसी को भी उसकी मर्जी के खिलाफ किसी के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं करता। अगर कोर्ट ने आदेश दे दिया है और पार्टनर फिर भी नहीं आता, तो पुलिस उसे बांधकर आपके घर नहीं छोड़ेगी।
- तो फिर इस आदेश का क्या फायदा? इसका फायदा यह है कि आप पार्टनर की प्रॉपर्टी कुर्क करने की अर्जी दे सकते हैं और सबसे बड़ा फायदा यह है कि इस आदेश के आधार पर आप भविष्य में तलाक ले सकते हैं।
- पति मेंटेनेंस देने से बचने के लिए धारा 9 का इस्तेमाल कर सकता है?
- अक्सर पति धारा 9 इसलिए करते हैं ताकि उन्हें मेंटेनेंस न देना पड़े। अगर पति धारा 9 का केस जीत जाता है और पत्नी फिर भी वापस नहीं आती, तो पति कोर्ट में कह सकता है कि “मैं तो साथ रखने को तैयार हूँ, यह खुद नहीं आ रही, इसलिए मैं खर्चा नहीं दूँगा।”
- सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों में कहा गया है कि अगर पत्नी बिना किसी ठोस वजह के अलग रह रही है, तो वह पति से खर्चा पाने की हकदार नहीं है।
- निष्कर्ष:
- हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 उन लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण है जो अपनी शादी को बचाना चाहते हैं। यह कानून आपको अपनी बात रखने और पार्टनर को वापस बुलाने का एक कानूनी मंच देता है। लेकिन याद रखें, हर केस अलग होता है और सही कानूनी सलाह के बिना कदम बढ़ाना भारी पड़ सकता है।

ADVOCATE M L KHAN
