बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महोबा, 26 अक्टूबर 2026।
जिलाधिकारी श्री प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में CMIS पोर्टल पर प्रदर्शित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन द्वारा निर्माणाधीन चरखारी सबस्टेशन एवं जैतपुर सबस्टेशन का निर्माण कार्य आगामी नवंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही UPPCL के अंतर्गत संचालित 13 कार्यों की नवीनतम प्रगति CMIS पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहे।
बैठक में अधिशासी अभियंता, जल निगम (नगरीय), सहायक अभियंता, UPCLDF तथा अधिशासी अभियंता, UPSIC-2 के प्रतिभाग न करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, भवन निर्माण, बांदा को जिला कारागार का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों में कोई प्रगति परिलक्षित न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कार्यों की अद्यतन प्रगति CMIS पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फीड करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, कार्यदायी संस्था मौदहा बांध, महोबा के कार्यों की समीक्षा के दौरान गत माह की तुलना में प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए तथा CMIS पोर्टल पर प्रगति की नियमित एवं अद्यतन फीडिंग सुनिश्चित की जाए। कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ विनय कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
