रिट याचिका दायर करने की प्रक्रिया
बहुत से लोगो का ये सवाल रहता है कि क्या हम सीधा हाई कोर्ट में केस फाइल कैसे करें? इसका जवाब है – हाँ, कुछ खास और गंभीर कानूनी मामलों में आप निचली अदालतों को छोड़कर सीधे उच्च न्यायालय (High Court) में याचिका दायर कर सकते हैं। अगर आपको लगता है कि आपके कानूनी अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है, आपके खिलाफ झूठा केस दर्ज हुआ हो या आप किसी सरकारी निर्णय, पुलिस कार्रवाई या अदालत के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं, तो आप सीधे हाई कोर्ट में अपील कर सकते हैं।
भारत के संविधान के अनुच्छेद 226 और BNSS की धारा 528 आपको सीधा उच्च न्यायलय में अपना केस लेकर जाने का अधिकार देती है। इस आर्टिकल में हम विस्तार से बताएंगे कि हाई कोर्ट में कब, क्यों और कैसे अपील करें? आप कौन कौन सी रिट याचिका (Writ Petition) का इस्तेमाल कर सकते है और इसकी पूरी प्रक्रिया क्या है? और इस प्रक्रिया में नई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 528 का क्या रोल है
हाई कोर्ट में केस कब किया जा सकता है?
हर मामले में सीधा हाई कोर्ट में केस दर्ज नहीं किया जा सकता। केवल कुछ विशेष परिस्थितियों में ही हाई कोर्ट में याचिका दायर की जाती है:
आप सीधे उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर सकते हैं यदि:
- मौलिक अधिकारों का उल्लंघन: आपके जीवन, स्वतंत्रता या समानता जैसे मौलिक अधिकारों (Fundamental Rights) का कोई हनन कर रहा हो।
- झूठी शिकायत या FIR: आपके ख़िलाफ़ किसी ने दुर्भावना या बदला लेने के लिए कोई झूठी FIR दर्ज हो गई है।
- सरकारी विभाग का गलत काम: कोई सरकारी विभाग या कोई अधिकारी अपना कानूनी कर्तव्य पूरा नहीं कर रहा है या उसने अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया है।
- निचली अदालत के निर्णय से संतुष्ट न होना: अगर निचली अदालतों में जाने से न्याय मिलने में बहुत देरी होगी, या वह कानूनी रास्ता आपके लिए सही नहीं है।
रिट याचिका क्या होती हैं – हाई कोर्ट में रिट याचिका का मतलब?
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 226 हाई कोर्ट को एक शक्ति देता है, जिसे रिट (Writ) कहते हैं।यह कानूनी आदेश होता है जो कोर्ट किसी भी सरकारी एजेंसी या व्यक्ति को जारी कर सकता है। ये रिट आम आदमी को तुरंत न्याय दिलाने का सबसे बड़ा हथियार हैं।
पाँच मुख्य प्रकार की रिट हैं, जिनका उपयोग होता है:
- हैबियस कॉर्पस (Habeas Corpus) : यह तब इस्तेमाल होती है जब किसी व्यक्ति को पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी ने ग़ैर-कानूनी ढंग से हिरासत में रखा हो। कोर्ट, गिरफ़्तार व्यक्ति को जल्द से जल्द अपने सामने पेश करने का आदेश देता है ताकि गिरफ़्तारी की वैधता जाँची जा सके।
- मंडेमस (Mandamus) : यह कोर्ट द्वारा सरकारी विभाग या अधिकारी को अपना कानूनी काम (कर्तव्य) पूरा करने का आदेश है, जब वे अपनी ज़िम्मेदारी निभाने से मना कर दें।
- सर्टिओरारी (Certiorari) : यह तब जारी होती है जब निचली अदालतों या ट्रिब्यूनलों ने कोई ग़लत या अवैध फ़ैसला सुना दिया हो। हाई कोर्ट उस फ़ैसले को रद्द कर देता है।
- प्रोहिबिशन (Prohibition): यह रोक लगाने वाली रिट है। यह निचली अदालतों को अपने अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) से बाहर जाकर किसी मामले की सुनवाई करने से रोकती है।
- क्वो वारंटो (Quo Warranto): यह उस व्यक्ति से पूछा जाता है जो बिना किसी अधिकार के ग़लत तरीके से किसी सरकारी पद पर बैठ गया हो।
BNSS की धारा 528: झूठी FIR को रद्द कराने का तरीका
अगर आपके खिलाफ किसी ने कोई झूठी FIR या Case दर्ज किया है , तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 528आपको सीधा हाई कोर्ट में जाने और न्याय पाने में मदद करती है। यह धारा, पुरानी दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 482 की जगह लाई गई है।
- यह धारा हाई कोर्ट को “अंतर्निहित शक्तियाँ” (Inherent Powers) प्रदान करती है।
- इसका मुख्य उद्देश्य न्याय की प्रक्रिया का दुरुपयोग होने से रोकना और न्याय सुनिश्चित करना है।
- वकील इसी धारा के तहत हाई कोर्ट में याचिका (Petition) दायर करते हैं और कोर्ट से उस झूठी FIR को रद्द (Quash) करने की मांग करते हैं।
- हाई कोर्ट इन शक्तियों का इस्तेमाल करके यह सुनिश्चित करता है कि किसी भी बेगुनाह व्यक्ति को बेवजह कानूनी कार्यवाही का सामना न करना पड़े।
सीधे हाई कोर्ट में केस फाइल करने की प्रक्रिया
सीधा हाई कोर्ट में याचिका (Writ या BNSS 528) दायर करने के लिए, आपको नीचे बताए गए स्टेप्स को फोलो:
- कानूनी सलाह: सबसे पहले किसी ऐसे अनुभवी वकील से मिलें जो High Court में रिट (Writ) या BNSS 528 के मामलों को देखता हो।
- याचिका तैयार करना: वकील आपके मामले से जुड़े सभी तथ्यों और कानूनी आधारों को सूचीबद्ध करके एक याचिका (Petition) तैयार करेगा।
- शपथ पत्र: याचिकाकर्ता को एक शपथ पत्र (Affidavit) भी देना होता है,जिसमें यह प्रमाणित किया जाता है कि याचिका में दिए गए सभी तथ्य सत्य हैं।
- केस फाइलिंग: याचिका को सभी ज़रूरी दस्तावेज़ों और आवश्यक हाई कोर्ट फीस के साथ अदालत की रजिस्ट्री में जमा किया जाता है।
- सुनवाई: एक बार याचिका रजिस्टर होने के बाद, वकील कोर्ट में याचिकाकर्ता का पक्ष रखता है और कोर्ट से उचित आदेश जारी करने की मांग करता है।
हाई कोर्ट याचिका ख़ारिज कब कर सकता है?
आपकी हाई कोर्ट में लगाई याचिका इन कारणों से ख़ारिज हो सकती है:
- वैकल्पिक उपाय उपलब्ध होना: अगर आपके पास निचली अदालत या ट्रिब्यूनल में जाने का कोई और प्रभावी कानूनी विकल्प मौजूद है, तो हाई कोर्ट आपको पहले वहीं जाने को कह सकता है।
- तथ्यों की कमी: यदि याचिका में दिए गए तथ्य या सबूत काफी नहीं होते।
- अपील करने में देरी: यदि आप किसी कार्रवाई या घटना के बहुत समय बाद कोर्ट जाते हैं तो आपकी याचिका ख़ारिज हो सकती है।
- निजी विवाद: यदि मामला मुख्य रूप से व्यक्तिगत या संपत्ति का विवाद है, जिसके लिए सिविल कोर्ट मौजूद हैं, तब भी आपका केस ख़ारिज किया जा सकता है।

Advocate M L Khan
