लोक अदालत क्या है, और इसमें ट्रैफिक चालान कैसे माफ किए जाते है?
लोक अदालत (Lok Adalat) एक ऐसी कानूनी व्यवस्था है, जहां ट्रैफिक चालानों के साथ-साथ कई तरह के छोटे-मोटे कानूनी मामलों को निपटाया जाता है। इसे ‘जनता की अदालत’ भी कहा जा सकता है। अगर आपका कोई ट्रैफिक चालान कट गया है, तो आप इसे भरने के बजाय लोक अदालत में जाकर इसे कम करवा सकते है या माफ भी करवा सकते हैं।
लोक अदालत में किन ट्रैफिक चालानों की होती है माफी?
अगर आपके वाहन (Vehicle) का ट्रैफिक चालान कट गया है और आप इसे भर नहीं पा रहे हैं या जुर्माने की राशि (Amount) ज्यादा लग रही है, तो लोक अदालत (Lok Adalat) आपके लिए एक अच्छा मौका हो सकता है। इस अदालत में कुछ खास तरह के चालानों को माफ किया जा सकता है या उन पर लगने वाला जुर्माना (Fine) कम किया जा सकता है। आइये विस्तार से जानते है कि लोक अदालत में किन ट्रैफिक चालानों की माफी हो सकती है?
लोक अदालत में मामूली ट्रैफिक उल्लंघन (Traffic Violation) से जुड़े चालानों पर राहत दी जाती है। इनमें कुछ शामिल इस प्रकार हैं:
1.सीट बेल्ट न बंधने का चालान
2. हेलमेट न पहनने पर चालान
3. रेड लाइट का पालन ना करने पर चालान
4. नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर चालान
5. ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर चालान
इन सभी प्रकार के चालानों को लोक अदालत में माफ या कम करवाया जा सकता है।
लोक अदालत में किन चालानों की माफी नहीं होती?
लोक अदालत में भले ही ट्रैफिक चालानों में छूट मिलती है, लेकिन कुछ गंभीर उल्लंघनों (Serious Violations) के लिए काटे गए चालान माफ नहीं होते। आइए जानते हैं वे कौन से चालान हैं जिनकी माफी नहीं होती:-
शराब पीकर गाड़ी चलाना (Drink and Drive) यह एक गंभीर अपराध है और लोक अदालत में ऐसे चालानों पर कोई सुनवाई नहीं होती।
तेज गति से गाड़ी चलाना (Overspeeding): तेज गति से गाड़ी चलाना खतरनाक होता है और इससे दुर्घटनाएं (Accidents) हो सकती हैं, इसलिए ऐसे चालान माफ नहीं होते।
दुर्घटना करके भाग जाना ( Hit & Run) यह एक आपराधिक मामला है और इसे लोक अदालत में नहीं सुना जाता।
बार-बार नियम तोड़ना: अगर कोई व्यक्ति बार-बार ट्रैफिक नियम (Traffic Rules) तोड़ता है, तो लोक अदालत में उसे कोई छूट नहीं मिलती।
2026 में कब-कब लगेगी लोक अदालत
साल 2026 के लिए लोक अदालत की तारीखें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा तय की गई हैं। यह अदालतें साल में चार बार लगाई जाती हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मामलों का निपटारा कर सकें।
2026 में नेशनल लोक अदालत की तिथियाँ:
- पहली लोक अदालत: 10 जनवरी, 2026
- दूसरी लोक अदालत: 14 मार्च, 2026
- तीसरी लोक अदालत: 9 मई, 2026
- चौथी लोक अदालत: 12 सितंबर, 2026
- पांचवी लोक अदालत: 12 दिसंबर, 2026
आपके नजदीक लोक अदालत कहाँ लगती है?
लोक अदालतें हर राज्य के जिले में जिला अदालत, तहसील कोर्ट और हाईकोर्ट में लगती हैं। ये पूरे देश में अलग-अलग समय पर लगाई जाती है, ताकि आम लोग बिना किसी परेशानी के अपने छोटे-मोटे केस सुलझा सकें।
अगर आपका चालान लोक अदालत में निपट सकता है, तो आपको अपने ही जिले की अदालत (District Court) में जाना होगा। आमतौर पर इसके लिए किसी दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
ऑनलाइन चालान स्टेटस कैसे चेक करें?
सबसे पहले आपको यह पता करना होगा कि आपका चालान लोक अदालत में निपटाने के लिए योग्य है या नहीं। इसके लिए आप ऑनलाइन अपने चालान की जानकारी चेक कर सकते हैं।
कैसे चेक करें?
- परिवहन विभाग (Parivahan.gov.in) की वेबसाइट पर जाएं।
- “Check Challan Status” ऑप्शन पर क्लिक करें।
- अपनी गाड़ी का नं0 या चालान नंबर उसमें लिखें।
- “Get Details” पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर आपके चालान की पूरी जानकारी दिख जाएगी।
लोक अदालत में चालान माफी के लिए आवश्यक दस्तावेज़ क्या है?
अगर आपका ट्रैफिक चालान कट गया है और आप लोक अदालत में जाकर इसे माफ करवाना चाहते हैं, तो आपको कुछ जरूरी दस्तावेज (Documents) साथ लेकर जाने होंगे। इन दस्तावेजों के बिना आपका मामला लोक अदालत में नहीं सुना जाएगा।
1. वाहन से जुड़े दस्तावेज:
- वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
- वाहन का बीमा (Insurance Paper)
- वाहन का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC Certificate)
2. चालक से जुड़े दस्तावेज:
ड्राइविंग लाइसेंस (Driving License – DL): अगर आप गाड़ी चला रहे थे और चालान कटा है, तो लाइसेंस दिखाना होता है। अगर उस समय आपका चालान इसलिए कटा था क्योंकि आपके पास लाइसेंस नहीं था, और अगर अब आपके पास आपका लाइसेंस है, तो आप इसे अदालत में दिखा सकते हैं।
पहचान पत्र (Identity Proof): अपनी पहचान (Identity) साबित करने के लिए इनमें से कोई एक पहचान पत्र अपने साथ जरुर ले जाएं:
- आधार कार्ड (Aadhaar Card)
- पैन कार्ड (PAN Card)
- वोटर आईडी कार्ड (Voter ID Card)
- पासपोर्ट (Passport)
3. कोर्ट और चालान से जुड़े दस्तावेज:
चालान की कॉपी (Challan Copy): चालान की ऑनलाइन या ऑफलाइन कॉपी अदालत में अपने साथ ले जाएं। अगर आपके पास चालान की कॉपी नहीं है, तो परिवहन विभाग की वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर लें।
कोर्ट का नोटिस या समन (Court Notice/Summons): अगर आपको कोर्ट से कोई नोटिस मिला है, तो उसे भी अपने साथ ले जाएं।
इन सभी जरुरी दस्तावेजों को अपने साथ लेकर जाएं, ताकि लोक अदालत में आपका काम आसानी से हो जाए।
लोक अदालत में चालान माफ कैसे करवाए – पूरी प्रक्रिया
लोक अदालत में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से लेकर कोर्ट में पहुँचने तक की पूरी प्रक्रिया बहुत ही आसान है, लेकिन सही जानकारी न होने पर लोग परेशान हो जाते हैं। आइये लोक अदालत में चालान माफी की पूरी प्रक्रिया को आसान भाषा में समझते है।
1. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (Online Registration)
लोक अदालत में अपना चालान माफ या कम करवाने के लिए सबसे पहले आपको ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होता है। यह प्रक्रिया बहुत ही आसान है और आप इसे घर बैठे भी कर सकते है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के लिए ये इस प्रक्रिया का इस्तेमाल करें:
- स्टेप 1: सबसे पहले अपने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (State Legal Services Authority – SLSA) की आधिकारिक वेबसाइट (Official Website) या इ-कॉर्ट्स पोर्टल (e-Courts Portal) पर जाएं।
- स्टेप 2: इसके बाद “लोक अदालत” या “चालान निपटान” से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- स्टेप 3: फिर अपने चालान नंबर या वाहन नंबर को दर्ज करें और अपना चालान ढूंढें।
- स्टेप 4: इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरें, जिसमें आपका नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी जानकारी देनी होगी।
- स्टेप 5: फिर अपने चालान की डिजिटल कॉपी अपलोड करें (यदि आवश्यक हो)।
- स्टेप 6: इसके बाद आवेदन फॉर्म जमा (Submit) करें और रसीद (Acknowledgement Slip) डाउनलोड करें और उसका प्रिंटआउट ले लें।
ध्यान दें: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लोक अदालत लगने की तारीख से कुछ दिन पहले ही शुरू हो जाता है, इसलिए समय पर आवेदन (Apply) करें। कई राज्यों में ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट या परिवहन विभाग (RTO) की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलती है।
2. अपॉइंटमेंट लेना (Getting an Appointment)
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद आपको लोक अदालत में पहुँचने की तारीख और समय को तय करना होता है। यह प्रक्रिया बहुत आसान है और इसे भी ऑनलाइन ही किया जा सकता है।
अपॉइंटमेंट लेने के लिए ये करें:
- स्टेप 1: रजिस्ट्रेशन करने के बाद आपको उसी जगह पर लोक अदालत में आने की तारीख और समय (Slot) चुनने का विकल्प (Option) मिलेगा।
- स्टेप 2: आप अपनी सुविधा के अनुसार एक तारीख और समय चुनें।
- स्टेप 3: अपॉइंटमेंट कन्फर्म होने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक SMS या ईमेल प्राप्त होगा।
- स्टेप 4: उस SMS या ईमेल में लोक अदालत में उपस्थित होने का स्थान और समय (Place or Time) दिया जाएगा।
3. टोकन नंबर प्राप्त करना (Getting a Token Number)
लोक अदालत की प्रक्रिया को सही तरीके से चलाने के लिए हर व्यक्ति को एक अलग टोकन नंबर दिया जाता है।
टोकन नंबर प्राप्त करने की प्रक्रिया:
- स्टेप 1: लोक अदालत में पहुंचने के बाद रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जाएं।
- स्टेप 2: अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का प्रिंटआउट या चालान की प्रति (Copy) दिखाएं।
- स्टेप 3: इसके बाद वहां मौजूद अधिकारी आपको एक टोकन नंबर देंगे, जिसे आपको संभालकर रखना होगा।
- स्टेप 4: यह टोकन नंबर आपके केस की सुनवाई की बारी तय करेगा।
4. लोक अदालत में उपस्थित होना (Appearing in Lok Adalat)
लोक अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया:
- स्टेप 1: जब आपका टोकन नंबर बोला जाए, तो उसी समय न्यायाधीश (Judge) के सामने जाएं।
- स्टेप 2: उनके सामने अपना चालान और अन्य जरूरी दस्तावेज (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, पहचान पत्र) दिखाएं।
- स्टेप 3: इसके बाद मामले की सुनवाई होगी, जिसमें आपका चालान माफ (Chalan Waived off) किया जा सकता है या जुर्माने में छूट दी जा सकती है।
- स्टेप 4: अगर किसी कारण से आपका चालान माफ नहीं होता और आपको उसे वही भरना पड़ता है।
5. चालान का निपटान और रसीद प्राप्त करना (Settlement & Receipt Collection)
यदि लोक अदालत में आपको कम जुर्माना भरने का आदेश दिया जाता है, तो आपको तुरंत भुगतान (Payment) करना होगा।
भुगतान की प्रक्रिया:
- स्टेप 1: कोर्ट परिसर में मौजूद नकद काउंटर (Cash Counter) पर जाएं और जुर्माना भरें।
- स्टेप 2: अगर डिजिटल पेमेंट की सुविधा हो, तो UPI, डेबिट कार्ड, या ऑनलाइन बैंकिंग से भुगतान कर सकते हैं।
- स्टेप 3: भुगतान के बाद आपको रसीद (Receipt) दी जाएगी, जिसे संभालकर रखें।
निष्कर्ष: लोक अदालत के द्वारा आम लोगों को ट्रैफिक चालानों में राहत पाने का एक शानदार मौका मिल रहा है। अगर आपका कोई चालान आपने अभी तक नहीं भरा है और आप बिना किसी भारी जुर्माने के इसे निपटाना चाहते हैं, तो लोक अदालत में जाकर समय इसे माफ या कम करवा ले।

ADVOCATE M L KHAN
